भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए टीएमसी नेता सुजाता मंडल ने कहा है कि जिस पार्टी ने तीन तलाक को खत्म किया वही अब उनके पति सौमित्र खान को उनसे तलाक लेने को उकसा रही है। सुजाता मंडल ने यह बयान अपने पति और बीजेपी नेता सौमित्र खान की तरफ से तलाक का कानूनी नोटिस मिलने के बाद दिया है। बता दें कि सुजाता मंडल बीजेपी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई हैं। उन्होंने बीजेपी छोड़ते हुए कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में अपने पति को जिताने के लिए कई जोखिम उठाने के बावजूद उन्हें वाजिब पहचान नहीं मिली। सौमित्र खान बिष्णुपुर से बीजेपी सांसद हैं। 

पति के साथ अपने रिश्ते में समस्याओं के सवाल पर सुजाता ने कहा, ‘जब राजनीति आपके निजी जीवन में घुस जाए तो यह रिश्ते के लिए खराब होता है। सौमित्र बीजेपी के बुरे लोगों की संगत में हैं, जो उन्हें मेरे खिलाफ उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। तीन तलाक खत्म करने वाली पार्टी आज सौमित्र को मुझसे तलाक लेने के लिए कह रही है।’

बीजेपी छोड़ टीएमसी का दामन थामने के कारण के सवाल पर मंडल ने कहा, ‘मैंने सुरक्षा और सम्मान के लिए बीजेपी छोड़ टीएमसी का हाथ थामा।’

सुजाता मंडल ने आगे कहा, ‘मुझे नहीं पता तलाक का नोटिस कैसे मिला। मेरे पति, जो बीजेपी सांसद और उसके युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं, ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तलाक का ऐलान किया। यह वही पार्टी है जो तीन तलाक के खिलाफ थी और उस पार्टी का सांसद मुझे सिर्फ इसलिए तलाक दे रहा है क्योंकि मैं दूसरी पार्टी में शामिल हो गई।’

सुजाता मंडल बोलीं, ‘मैं आज भी सौमित्र से प्यार करती हूं और उन्हें अपना पति मानती हूं। मैं अभी भी उनके नाम का सिंदूर लगाती हूं। पार्टी के दबाव और पार्टी के प्रति वफादारी दिखाने के लिए वह मेरे साथ 10 साल पुराना रिश्ता खत्म कर रहे हैं। हमारा प्रेम विवाह हुआ था और यह एक दिन में कैसे खत्म हो सकता है।’



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here