इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में अब सिर्फ दो सप्ताह का समय बाकी है। इससे पहले आईपीएल की सभी फ्रेंचाइजी अपने-अपने गणित बिठा रही हैं कि किस खिलाड़ी को कितनी रकम में खरीदा जाए। इसके अलावा आईपीएल की 10 टीमें वेस्टइंडीज में जारी आईसीसी अंडर 19 विश्व कप 2022 की ओर भी देख रही होंगी, जहां से भारत ही नहीं, बल्कि विदेशी युवा खिलाड़ी भी आईपीएल की टिकट हासिल कर सकते हैं। ऐसे ही 5 युवा क्रिकेटरों के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं, जिन्हें मोटी रकम आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में मिल सकती है।
आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में जिन खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी की नजर होगी, उनमें अंडर 19 विश्व कप साउथ अफ्रीका के लिए खेल रहे डेवाल्ड ब्रेविस होंगे, जिन्होंने अब तक खेले 4 मैचों में काफी प्रभावित किया है। उन्होंने एक शतक और 3 अर्धशतकों के साथ 4 पारियों में 362 रन बनाए हैं।
अंडर 19 विश्व कप 2022 में गेंदबाजी विभाग में श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर दुनिथ वेलालगे ने जलवा दिखाया है। Dunith Wellalage ने अब तक श्रीलंका के लिए 4 मैचों में 16 विकेट अपने नाम किए। दो बार उन्होंने इस मेगा इवेंट में फाइफर भी अपने नाम किया है। आईपीएल की फ्रेंचाइजियों की नजर भी उन पर होगी।
वहीं, अगर भारत की तरफ से बात करें तो ओपनर अंगक्रिस रघुवंशी ने अपनी छाप छोड़ी है। एक ऐसे समय पर वे मैच विनर बनकर उभरे हैं, जब टीम के 5 खिलाडी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। 16 साल के इस खिलाड़ी ने 3 मैचों में एक शतक की बदौलत 228 रन बनाए हैं।
भारत की ही अंडर 19 टीम के एक और सदस्य राज बावा हैं, जो गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने 3 पारियों में एक शतक के साथ 217 रन बनाए हैं। वे मध्य क्रम में बल्लेबाजी कर रहे हैं। साथ ही साथ उन्होंने एक तेज गेंदबाज के तौर पर 4 विकेट चटकाए हैं और अच्छी गेंदबाजी की है।
इसके अलावा कप्तान यश ढुल को भी आईपीएल की टीम अपने साथ जोड़ सकती हैं। हालांकि, बदकिस्मती से वे आईसीसी विश्व कप 2022 के पहले मैच के बाद कोरोना संक्रमित पाए गए थे, लेकिन अच्छी बात ये है कि वे कोरोना से उबर चुके हैं और मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में 82 रन बनाए थे, जबकि अभ्यास मैचों में दो अर्धशतक जड़े थे। इससे पहले वे एशिया कप में भी रन बना चुके हैं।







