पंजाब कांग्रेस के एक विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कांग्रेस विधायक और उनके सुरक्षा गार्ड एक युवक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस युवक ने अपने जनप्रतिनिधि से यह पूछा था कि उन्होंने उसके गांव के लिए क्या काम किया? इसी सवाल से नाराज विधायक ने युवक की पिटाई कर दी। युवक की पिटाई कर रहे कांग्रेस विधायक का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य की कांग्रेस सरकार की काफी आलोचना हो रही है।
इसके बाद पंजाब के उप-मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा सामने आए और उन्होंने अपने पार्टी विधायक के व्यवहार की आलोचना की। उप-मुख्यमंत्री ने बुधवार को कहा कि जनप्रतिनिधि को लोगों की सेवा करनी चाहिए और उन्हें इस तरह से व्यवहार नहीं करना चाहिए। वायरल वीडियो के बारे में बताया जा रहा है कि यह वीडियो मंगलवार का है।
बताया जा रहा है कि इस दिन पठानकोट जिले के भोआ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक जोगिंदर पाल सिंह कुछ लोगों के एक ग्रुप को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा। इस युवक का नाम हर्ष कुमार बताया जा रहा है। इस वीडियो में हर्ष कुमार को विधायक से यह पूछते सुना जा सकता है कि आपने अपने कार्यकाल के दौरान यहां क्या काम किया।
इस दौरान जब विधायक के एक सुरक्षा गार्ड ने लड़के की बांह पकड़कर उसे कार्यक्रम से निकालने की कोशिश की तब, जोगिंदर पाल युवक से कहते हैं कि वो आकर उनसे बात करे। इसके बाद विधायक उसे बोलने के लिए माइक्रोफोन देते हैं। माइक्रोफोन मिलने पर लड़का पूछता है, ‘तू की किता’ (आपने क्या किया)
युवक का सवाल खत्म हो जाने के बाद जोगिंदर पाल इस वीडियो में युवक को थप्पड़ जड़ते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वीडियो में नजर आ रहा है कि विधायक के सुरक्षा कर्मी भी युवक पर टूट पड़ते हैं। कुछ अन्य मौजूद लोग भी युवक की पिटाई शुरू कर देते हैं।
किसी तरह युवक को वहां से बचाया जाता है। बुधवार को हर्ष कुमार ने कहा कि उसने विधायक से सिर्फ कामकाज को लेकर सवाल पूछा था लेकिन उन्होंने और कुछ अन्य लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। हर्ष की मां ने कहा कि उनके बेटे ने सिर्फ इतना पूछा था कि उन्होंने गांव के लिए क्या किया और उनसे न्याय की मांग की थी। लेकिन विधायक ने कोई जवाब नहीं दिया।
इधर इस वीडियो के वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने पंजाब कांग्रेस को घेरा है। अमित मालवीय ने कहा, ‘राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से तथ्यपूर्ण सवाल पूछने पर पत्रकार को प्रेस कॉन्फ्रेंस से बाहर करने की घटना के बाद अब पंजाब कांग्रेस के विधायक जोगिंदर सिंह ने सवाल पूछने पर एक युवक को पीटा। यह कांग्रेस का चेहरा है।’







