हरियाणा के करनाल में पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों पर लाठीचार्ज किया है। बताया जा रहा है कि इस लाठीचार्ज में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि किसानों ने इस प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया था। इस हाईवे से होकर वो करनाल की तरफ बढ़ रहे थे। दरअसल राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ और अन्य पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की करनाल में एक बैठक चल रही थी। किसान इस बैठक का विरोध करते हुए प्रदर्शन कर रहे थे। 

हालांकि, किसानों पर इस पुलिसिया कार्रवाई की आलोचना भी हो रही है। पुलिसिया कार्रवाई के बाद फतेहाबाद-चंडीगढ़, गोहाना-पानीपत, जिंद-पटियाला और हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर किसानों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया जिसकी वजह से यहां जाम की स्थिति बन गई। हरियाणा भारतीय किसान यूनियन के प्रमुख गुरनाम सिंह चडूनी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने किसानों पर क्रूरतापूर्वक कार्रवाई की है जिसकी वजह से कई किसान जख्मी हो गये हैं। पुलिस ने लाठीचार्ज की यह कार्रवाई बस्तारा टोल प्लाजा के पास की है और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शी किसानों का कहना है कि 8-10 लोग घायल हुए हैं। 

किसानों पर लाठीचार्ज से भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने हुंकार भरी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि ‘पुलिस ने करनाल में किसानों का प्रवेश बंद कर दिया है। बसताड़ा टोल पर किसानों पर लाठीचार्ज कर उन्हें जख्मी कर दिया है। किसानों से मेरी अपील है कि लाठीचार्ज के विरोध में वे जहां-जहां संभव हो, सड़कें जाम कर दें और अगले आदेश तक जाम रखें। उन्होंने लिखा कि टोल पर भी जाम लगाया जाना चाहिए।’ भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भी किसानों से सड़क जाम करने की अपील की है।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी किसानों को रोकने के लिए सिर्फ हल्का बल प्रयोग किया गया था क्योंकि वो ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे। तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान बीजेपी-जेजेपी नेताओं की संयुक्त बैठक का शनिवार को विरोध कर रहे थे। इस दौरान कई किसान करनाल के नजदीक स्थित बस्तारा टोल प्लाजा के पास जमा थे। हालांकि, इस इलाके में पहले से ही धारा 144 लगाई गई है और यहां पहले से ही भीड़ जुटाने की मनाही थी।    पुलिस ने यहां लाउडस्पीकर से कई बार अनाउंस भी किया कि यहां प्रदर्शन करना कानून के खिलाफ है।

शुरू में पुलिस ने किसानों को वहां से चले जाने के लिए कहा, लेकिन बाद में पुलिस को बल प्रयोग कर किसानों को तितर-बितर करना पड़ा। पुलिस का कहना है कि जहां बीजेपी की बैठक चल रही थी वहां जाने के लिए किसान अड़े हुए थे। जबकि इस बैठक को देखते हुए उस तरफ जाने वाली कई सड़कों पर पहले से बैरिकेडिंग की गई थी। चढूनी ने जहां पुलिसिया कार्रवाई को दमनात्मक रवैया बताया है तो वहीं इस पर कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला की प्रतिक्रिया भी आई है। कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा कि ‘खट्टर साहब, आज आपने हरियाणा के लोगों पर लाठी चलवाई है। किसानों के खून के छीटें सड़कों पर बिखरे थे और आने वाली पीढ़ियां इसे याद रखेंगी।’

स्वराज इंडिया के अध्यक्ष और संयुक्त किसान मोर्चा के अहम नेता योगेंद्र यादव ने इसपर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस कार्रवाई के बाद हरियाणा सरकार का असली चेहरा उजागर हो गया है। किसान वहां मुख्यमंत्री खट्टर और अन्य बीजेपी नेताओं के दौरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। 



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here