बाजार नियामक सेबी ने उद्योगपति वेणुगोपाल धूत और दो अन्य इकाइयों पर कुल 75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। सेबी ने ये कार्रवाई वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज के शेयर में इनसाइडर ट्रेडिंग को लेकर की है। साल 2017 के इस मामले में वेणुगोपाल धूत के अलावा जिन दो इकाइयों पर जुर्माना लगा है वो वीडियोकॉन रियल्टी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और इलेक्ट्रोपाट्र्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड हैं।
क्या है मामला: आरोप है कि इन इकाइयों के पास वीडियोकॉन के बारे में अप्रकाशित कीमत से जुड़ी संवेदनशील जानकारी (यूपीएसआई) थी। उसके बाद भी उन्होंने बाजार में सौदे किये। दरअसल, वीडियोकॉन के कर्ज खाते को देना बैंक एनपीए (फंसे) कर्ज की श्रेणी में डालने वाला था। इस सूचना का वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज के शेयर कीमत पर असर पड़ता और यह यूपीएसआई थी। सूचना की अवधि एक मार्च, 2017 से नौ मई, 2017 थी।
इकोनॉमी के मोर्चे पर भारत की वाहवाही, चीन को बड़ा झटका
दोनों प्रवर्तक इकाइयों ने इस दौरान अपने शेयर या तो गिरवी रख दिये या फिर अन्य इकाइयों को हस्तांतरित किये। अधिकृत प्रतिनिधि वेणुगोपाल धूत के पास संवेदनशील सूचना थी और उन्होंने दोनों प्रवर्तक कंपनियों की तरफ से कारोबार किया।







