पूरे देश भर में कोरोना के मामलों के घटने के बाद हाल ही में हिमाचल प्रदेश सरकार ने पर्यटकों को अपने यहां आने-जाने की अनुमति दी है। यहां की वादियो में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए RT-PCR की निगेटिव रिपोर्ट साथ लाना भी जरुरी नहीं रह गया है। छूट मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। खासकर शिमला, कुल्लु-मनाली और धर्मशाला में भारी तादाद में पर्यटक पहुंच रहे हैं। 

शिमला में एक पर्यटक से कहा-सुनी होने के बाद एक ट्रैफिक कर्मी ने पर्यटक को थप्पड़ जड़ दिया। यह घटना विक्टरी टनल के पास की है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने एक कार को रुकने के लिए इशारा किया। लेकिन कार चालक ने अपनी गाड़ी नहीं रोकी। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर गाड़ी को रुकवा लिया। इसके बाद ट्रैफिक कर्मी ने यातायात नियमों का पालन नहीं करने के आरोप में गाड़ी चालक का चालान काटा। 

यहां के डिप्टी एसपी कमल वर्मा ने बताया कि जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें नजर आ रहा है कि दो युवक कार के पास खड़े हैं और पुलिसवाले से बहस कर रहे हैं। यह दोनों मनाली की तरफ जा रहे थे। लेकिन अचानक इन लोगों ने वहां से यूटर्न लिया। लेकिन विक्ट्री टनल से पहले यूटर्न लेने की अनुमति नहीं है। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उन्हें नियमों के बारे में बताने की कोशिश की लेकिन गाड़ी में सवार दोनों लोग पुलिसकर्मियों की बात सुनने के लिए राजी नहीं थे और यहां तक कि इन लोगों ने गालियां भी दी। इसके बाद अचानक एक ट्रैफिक कर्मी ने अपना आपा खो दिया और एक युवक को तमाचा जड़ दिया। 

अब इस मामले में खबर लिखे जाने तक पर्यटकों की तरफ से कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, शिमला पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पर्यटक को थप्पड़ मारने वाले पुलिसकर्मी को हटा दिया गया है। इस पूरे मामले पर शिमला के एसपी ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी के व्यवहार की निंदा की है। उन्होंने कहा कि अगर आम लोग सही ढंग से व्यवहार नहीं कर रहे हैं तो भी पुलिसकर्मियों को ऐसा नहीं करना चाहिए। इस तरह से निपटने के बजाए ऐसे लोगों से शांति से निपटना चाहिए। इस मामले में जांच के आदेश दे दिये गये हैं। 

संबंधित खबरें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here