बीते कुछ दिनों से टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) के स्टॉक में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। इस वजह से निवेशकों को जबरदस्त फायदा हुआ है। 

कितना है स्टॉक का भाव: सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को वोडाफोन आइडिया का स्टॉक भाव 16.70 रुपए के स्तर पर पहुंच गया। ये 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर है। कारोबार के दौरान करीब 16 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। तीन सप्ताह के दौरान का प्रदर्शन देखें तो वोडाफोन आइडिया के स्टॉक में 65 फीसदी से ज्यादा की तेजी आ चुकी है।

आपको बता दें कि 5 अगस्त को वोडाफोन आइडिया 52 हफ्ते के न्यूनतम स्तर 4.55 रुपए पर पहुंच गया था लेकिन इसके बाद से अब तक 250 फीसदी से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। इस लिहाज से देखें तो करीब 4 महीने में निवेशकों को प्रति शेयर 12 रुपए से ज्यादा का फायदा हो चुका है। कंपनी का मार्केट कैपिटल 47,355.92 करोड़ रुपए है।

वजह क्या है: बीते कुछ दिनों से वोडाफोन आइडिया के स्टॉक प्राइस में बढ़ोतरी की कई वजह है। पहली सबसे बड़ी वजह टैरिफ प्लान में बढ़ोतरी है। बीते दिनों कंपनी ने टैरिफ प्लान में 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद से ही शेयर के भाव बढ़ रहे हैं। इसके अलावा वोडाफोन आइडिया बॉन्डहोल्डर्स को 13 दिसंबर को ब्याज का भुगतान करेगी। कंपनी ने इसके लिए फंड जुटा लिया है।

इस खबर से भी निवेशकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला है। वहीं, सरकार की ओर से टेलीकॉम कंपनियों को एजीआर बकाया, स्पेक्ट्रम आदि पर राहत पैकेज के ऐलान का भी फायदा मिला है।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here