बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्य पिछले कुछ दिनों से भीषण शीत लहर की चपेट में हैं। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज से स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होना शुरू हो जाएगा। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में आगे कहा कि उत्तर पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में 2 से 4 फरवरी तक बारिश होगी।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिन में धूप खिली रहने की संभावना है।

ओडिशा में भी ठंड: ओडिशा तक ठंड का असर दिख रहा है। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने एक बुलेटिन में कहा कि राज्य में अगले तीन दिनों में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस कम रहेगा क्योंकि उत्तर पश्चिमी शुष्क और ठंडी हवाएं राज्य में प्रवेश कर रही हैं।

MP-CG का मौसम: मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक और विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति होने की संभावना है। उसके बाद धीरे-धीरे कम हो जाएगी।

पछुआ से पूरा बिहार ठिठुरा: सर्द पछुआ हवा की वजह से पटना समेत पूरा बिहार ठंड की चपेट में है। शनिवार को पटना समेत 26 जिलों में शीतलहर के आसार हैं। वहीं अन्य 12 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। शनिवार को आकाश साफ होने की उम्मीद है। रविवार को ठंड से मामूली राहत मिलने मिल सकती है पर अगले 3 दिनों के बाद न्यूनतम पारा 2 से 4 डिग्री गिर जाएगा, जिससे कनकनी और बढ़ेगी। गुरुवार की रात बादल छाने और पछुआ हवा वायुमंडल के निचली सतह पर नहीं आने की वजह से न्यूनतम पारा नहीं गिरा। हालांकि पछुआ हवा के कारण पटना समेत सूबे का अधिकतम पारा गिरा।

कश्मीर में ठंड का कहर: इस बीच, जम्मू और कश्मीर में भीषण ठंड के दिन देखे गए। श्रीनगर में तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गया। वहीं, पहलगाम में शून्य से 2.8 और गुलमर्ग में शून्य से 9.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। 31 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

राजस्थान का हाल: राजस्थान में भी ठंड का प्रकोप बना हुआ है। करौली में गुरुवार रात न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here