बीते कुछ दिनों में त्योहारी सीजन को देखते हुए निजी और सरकारी बैंकों ने होम लोन की ब्याज दरों में कटौती की है। इसी कड़ी में अब यस बैंक ने भी होम लोन की ब्याज दरों पर राहत दी है। इसके साथ ही बैंक ने लोन चुकाने की अधिकतम अवधि 35 साल तय की है। आमतौर पर ग्राहकों को अधिकतम 30 साल तक होम लोन चुकाने का मौका मिलता है।
क्या है बैंक का ऑफर: दरअसल, त्योहारी सीजन को देखते हुए यस बैंक ने ‘यस प्रीमियर होम लोन’ ऑफर लॉन्च किया है। इसके तहत बैंक सिर्फ 6.7 फीसदी की शुरुआती दर से होम लोन ऑफर कर रहा है। अहम बात ये है कि नौकरीपेशा महिलाओं को ब्याज दर पर 0.05 फीसदी की अतिरिक्त राहत मिलेगी। मतलब ये कि नौकरीपेशा महिलाएं 6.65 फीसदी की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन ले सकेंगी।
बैंक का कहना है कि इस ऑफर के तहत, वेतनभोगी घर खरीदार कम से कम दस्तावेज़ों के साथ होम लोन ले सकते हैं। इसके अलावा 35 साल तक की अवधि तक लोन की ईएमआई चुकाने का भी विकल्प दिया जाएगा। यह ऑफर नए खरीददार के साथ बैलेंस ट्रांसफर करने वाले ग्राहकों को भी मिलेगा। ये ऑफर 31 दिसंबर, 2021 तक यानी 90 दिनों के लिए है।
RIL-फ्यूचर डील का इंतजार बढ़ा, विवाद के बीच मुकेश अंबानी की कंपनी ने लिया ये फैसला
त्योहारी सीजन में बढ़ेगी डिमांड: ऐसा माना जा रहा है कि त्योहारी सीजन में घर खरीदने की डिमांड बढ़ेगी। इसी को देखते हुए बैंकों ने भी ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह के ऑफर लॉन्च किए हैं। कई बैंकों ने ब्याज दरों में कटौती के साथ ही लोन की लिमिट ग्राहकों के सिबिल स्कोर के आधार पर तय करने का ऐलान किया है। वहीं, कुछ बैंकों ने प्रोसेसिंग फीस में छूट देने की बात कही है।







