मीडिया हाउस Zee एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के मैनेजमेंट में बड़े बदलाव की मांग उठी है। दरअसल, हाल ही में इनवेस्को डेवलपिंग मार्केट्स फंड, OFI ग्लोबल चाइना फंड llC और Zee एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ZEEL) के शेयरधारकों ने एक असाधारण आम बैठक (EGM) बुलाई थी। इस बैठक में Zee एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के निदेशक के रूप में पुनीत गोयनका को हटाने की मांग की गई। आपको बता दें कि इन दोनों निवेशकों की ZEEL में 17.88 फीसदी हिस्सेदारी है।
6 नए निदेशकों के नाम का प्रस्ताव: ZEEL के निदेशक मंडल को संबोधित एक पत्र में, इनवेस्को ने छह निदेशकों – सुरेंद्र सिंह सिरोही, नैना कृष्ण मूर्ति, रोहन धमीजा, अरुणा शर्मा, श्रीनिवास राव और गौरव मेहता की नियुक्ति का प्रस्ताव दिया है। वहीं, दो अन्य निदेशक- मनीष चोखानी और अशोक कुरियन को हटाने की भी मांग की गई है।
जी ग्रुप के शेयर्स में तेजी: इन खबरों के बीच, जी ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों के शेयर में तेजी आई है। बीते दो दिन में कारोबार के दौरान Zee एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के शेयर 10 फीसदी से ज्यादा बढ़े हैं। फिलहाल, इस कंपनी का शेयर भाव 265 रुपए के स्तर पर है। वहीं, ग्रुप की दो अन्य कंपनियां- जी मीडिया कॉरपोरेशन और जी लर्न के शेयर में भी बड़ी बढ़त दर्ज की गई है।
जी लर्न लिमिटेड- शेयर भाव 16.40 रुपए (5.67 फीसदी तेजी)
जी मीडिया कॉपरपोरेशन- शेयर भाव 10.96 रुपए (4.98 फीसदी तेजी)







