IPL New Team Auction: आईपीएल (IPL) के अगले सीजन में दो नई टीमें खेलती नजर आएंगी. इसके लिए नीलामी की प्रक्रिया आगामी 17 अक्टूबर को होने की संभावना है. फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नीलामी की तारीख और जगह का आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया है. हालांकि जल्द ही इसकी घोषणा की जा सकती है. आईपीएल का दूसरा चरण 19 सितंबर से यूएई में शुरू हो जाएगा. इसके खत्म होने के दो बाद ही नीलामी का आयोजन किया जा सकता है.
सूत्रों के मुताबिक नीलामी की तारीख 17 अक्टूबर लगभग तय हो चुकी है और नीलामी के संबंध में कोई भी स्पष्टीकरण 21 सितंबर तक लिया जा सकेगा. आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने बीती 31 अगस्त को नई टीमों की बोली के लिए टेंडर निकाला था. यूएई में आईपीएल के दूसरे चरण की समाप्ति के दो दिन बाद ही यह नीलामी हो सकती है, ऐसे में यह कार्यक्रम दुबई या मस्कट में आयोजित किया जा सकता है. देश में कोरोना महामारी को देखते हुए नीलामी के प्रकार के बारे में संदेह था. अब यह लगभग साफ हो चुका है कि ई-नीलामी नहीं होगी.
टीम के लिए बोली लगाने के दो चरण होते हैं- कानूनी और वित्तीय. वित्तीय बोली को कानूनी विभाग द्वारा बोलीदाता के योग्यता मानदंड को मंजूरी देने के बाद खोला जाएगा. इन मानदंडों की घोषणा भारतीय बोर्ड ने कुछ हफ्ते पहले की थी. प्रत्येक बोली लगाने वाले के पास कम से कम 2500 करोड़ की कीमत और 3000 करोड़ रुपये का कारोबार होना चाहिए. टीमों का बेस प्राइस 2000 करोड़ रखा गया है. बीसीसीआई ने दो टीमों के लिए 6 शहर शॉर्टलिस्ट किए हैं. इनमें अहमदाबाद, कटक, गुवाहाटी, धर्मशाला, इंदौर और लखनऊ शामिल हैं.
बीसीसीआई ने अभी तक खिलाड़ियों को रिटेन करने के नियमों की पुष्टि नहीं की है. इसके अलावा मेगा नीलामी के लिए विवरण नवंबर 2021 में प्रदान किए जाने की संभावना है और नीलामी की तारीख जनवरी 2022 के लिए निर्धारित की जा सकती है. दो टीमों के जुड़ने के बाद प्रत्येक टीम के लिए मैचों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. हालांकि इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. आईपीएल में अब तक प्रत्येक टीम ग्रुप चरण में कुल 14 मैच होम और सात मैच अन्य स्थानों पर खेलती हैं.
IPL 2021: KKR के कोच मैकुलम ने कहा- भारत में आईपीएल के पहले फेज के दौरान बेहद डरे हुए थे सभी लोग







