प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए आयोजित होने वाले शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से मंगलवार की शाम को कहा गया कि कल अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर की आधारशिला रखे जाने को लेकर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। लेकिन, इस कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री हनुमानगढ़ी में पूजा और दर्शन करेंगे।
पीएमओ की तरफ से कहा गया कि उसके बाद पीएम मोदी श्रीराम जन्मभूमि जाएंगे और भगवान श्रीरामलला विराजमान की पूजा और दर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के शिलान्यास वाली पट्टिका का अनावरण करेंगे और इस अवसर पर स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे।
गौरतलब है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के भूमि पूजन के लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अगस्त यानी बुधवार को विशेष मुहूर्त में भूमि पूजन करेंगे। इस बेहद ही खास मौके के लिए अयोध्या को पूरी तरह से सजा दिया गया है और सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें: LIVE: भूमि पूजन से पहले सीएम आवास में दीपोत्सव, योगी ने जलाए दीए
PM Modi will attend the public function on laying of the Foundation Stone of ‘Shree Ram Janmabhoomi Mandir’ at Ayodhya tomorrow. Prior to the function, PM will take part in Pooja & Darshan at Hanumangarhi: Prime Minister’s Office (PMO) pic.twitter.com/YDs4Dduhdn
— ANI (@ANI) August 4, 2020
साढ़े तीन साल में बनकर तैयार होगा मंदिर
बता दें कि 18 जुलाई को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में राम मंदिर के प्रस्तावित मॉडल में बदलाव का फैसला किया गया था। पहले मंदिर की ऊंचाई 128 फीट तय की गई थी, जिसे बढ़ाकर 161 फीट कर दिया गया। इसके अलावा पहले गर्भगृह के पास तीन गुबंद बनाने की बात थी, लेकिन नए मॉडल में पांच गुबंद हैं। राम मंदिर करीब साढ़े तीन साल में बनकर तैयार होगा।
मंदिर परिसर में 45 एकड़ में बनेगा राम कथा कुंज
राम जन्मभूमि मंदिर के चार द्वार होंगे जो चारों दिशाओं में खुलेंगे। मंदिर में कुल तीन तल होगा। राम मंदिर परिसर में रामकथा कुंज 45 एकड़ में बनेगा। साथ ही साथ ही मंदिर परिसर में धर्मशाला और गौशाला बनाने का भी प्रस्ताव है। राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए कई वर्षों से पत्थर इकट्ठा कर अयोध्या में रखा गया है। काफी की तराशी की जा चुकी है। पुराने पत्थरों की सफाई के लिए दिल्ली की एक कंपनी को जिम्मा दिया गया है।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर भूमि पूजन के बाद कर्नाटक के सभी मंदिरों में हो विशेष पूजा
बता दें कि राम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन के लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए 5100 कलश तैयार किए गए हैं। आज और कल अयोध्या में उन कलशों में दीप जलाए जाएंगे। मुख्य पूजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही निर्धारित शुभ मुहूर्त में करेंगे। यह मुहूर्त 32 सेंकेड का है, जो मध्याह 12 बजकर 44 मिनट आठ सेकेंड से लेकर 12 बजकर 44 मिनट 40 सेकेंड के बीच है। बताया गया कि षोडश वरदानुसार 15 वरद में ग्रह स्थितियों का संचरण शुभ और अनुकूलता प्रदान करने वाला है।







