सोना-चांदी से लेकर शेयर बाजार तक में आज गिरावट का रुख रहा। वहीं, कच्चा तेल भी शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। हालांकि छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के कारण शुक्रवार को घरेलू मुद्रा डेरिवेटिव बाजार रहा। लगातार चौथे दिन शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन को 434.93 अंक लुढ़क गया। शुक्रवार को सेंसेक्स 50,889.76 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज निफ्टी भी 137 अंक गिरकर 14,981.75 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं वायदा कारोबार में शुक्रवार को सोना प्रति 10 ग्राम 0.27 प्रतिशत और चांदी वायदा कीमत 586 रुपये की गिरावट के साथ 67,908 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई।
यह भी पढ़ें: Gold Price Latest: सोने के भाव में फिर गिरावट, 42290 रुपये पर आया 22 कैरेट गोल्ड, 936 रुपये सस्ती हुई चांदी
सोना वायदा कीमतों में गिरावट
कमजोर हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों की कटान की, जिससे वायदा कारोबार में शुक्रवार को सोना 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 46,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल महीने में डिलिवरी वाले सोना वायदा की कीमत 126 रुपये यानी 0.27 प्रतिशत की हानि के साथ 46,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इसमें 13,987 लॉट के लिए कारोबार किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार, न्यूयॉर्क में सोना 0.24 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता 1,770.70 डॉलर प्रति औंस चल रहा था।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में गिरावट: सेंसेक्स 51000 और निफ्टी 15000 के नीचे हुआ बंद
चांदी वायदा कीमतों में भी गिरावट
कमजोर हाजिर बाजार की मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को कम किया , जिससे वायदा बाजार में शुक्रवार को चांदी वायदा कीमत 586 रुपये की गिरावट के साथ 67,908 रुपये प्रति किलो रह गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी के मार्च महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 586 रुपये यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67,908 रुपये प्रति किलो रह गयी जिसमें 12,130 लॉट के लिए कारोबार हुआ। वैश्विक स्तर पर, न्यूयार्क में चांदी की कीमत 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26.96 डॉलर प्रति औंस चल रहा था।
यह भी पढ़ें: 1 अप्रैल से आपकी सैलरी से लेकर काम के घंटे तक और मोबाइल की टैरिफ तक में हो सकता है बड़ा बदलाव
कच्चातेल वायदा कीमतें भी गिरीं
बाजार की कमजोर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को कम किया , जिससे वायदा बाजार में कच्चा तेल की कीमत शुक्रवार को 2.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,296 रुपये प्रति बैरल रह गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में फरवरी महीने में डिलिवरी वाले कच्चा तेल अनुबंध की कीमत 114 रुपये यानी 2.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,296 रुपये प्रति बैरल रह गयी। इसमें 5,213 लॉट के लिए कारोबार हुआ। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड का भाव 2.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59.08 डॉलर प्रति बैरल चल रहा था जबकि ब्रेंट क्रूड का भाव 1.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62.70 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर था।







