सोशल मीडिया पर भावुक कर देने वाला एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक हाथी अपने महावत को अंतिम विदाई दे रहा है। महावत की मौत के बाद मातम के बीच हाथी भी मृतक के शव के पास जाकर खड़ा होता है और अपने हाव-भाव से वह जिस तरह अपना दुख प्रकट करता है, उसे देख आसपास खड़े लोग और भी ज्यादा गमगीन हो जाते हैं। मामला केरल के कोट्टयम जिले का है। 

महावत ओमानचेट्टान कैंसर से पीड़ित थे और गुरुवार को उनकी मौत हो गई। परिवार में मातम पसरा था और इस बीच उनका हाथी पलात ब्रह्मादाथान भी उन्हें अंतिम विदाई देने दरवाजे तक पहुंचा। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि कुन्नाक्कड दामोदरन नायर उर्फ ओमानचेट्टान हाथियों के प्रति अपने प्रेम के लिए जाने जाते थे और लगभग छह दशक से वह इनका ध्यान रख रहे थे। लक्काट्टूर के रहने वाले 74 वर्षीय ओमानचेट्टान की जान कैंसर ने ले ली। 

ओमानचेट्टान की मौत की खबर सुनकर हाथी के मालिक उसे महावत के घर लेकर गए। हाथी ने अपने महावत को अंतिम विदाई दी। कभी वह सूंड उठाता तो कभी गर्दन नीचे झुकाता था। काफी देर तक महावत के शव को निहारता रहा, जैसे उसे भी आभास हो कि अब कभी उसकी पीठ पर ओमानचेट्टान नहीं बैठ पाएंगे। कुछ देर खड़े रहने के बाद हाथी महावत को देखते हुए उल्टे कदमों से लौट जाता है।  

बताया जा रहा है कि ब्रह्मादाथान और ओमानचेट्टान अहम त्योहारों पर साथ नजर आते थे। दोनों की गहरी दोस्ती थी और एक दूसरे की बात इशारों में समझ लिया करते थे। दोनों की आखिरी मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग भावुक संदेशों के साथ वीडियो साझा कर रहे हैं।
 

संबंधित खबरें





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here