टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने इस साल जनवरी में अपना अब तक का सबसे अच्छा बिक्री रिकॉर्ड दर्ज किया है। कंपनी ने बीते महीने पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री में 50 फ़ीसदी का उछाल दर्ज किया है। टाटा मोटर्स ने जनवरी 2022 में कुल 40,777 यूनिट्स पैसेंजर गाड़ियां बेची हैं। वहीं, टॉप 10 लिस्ट में कंपनी की 2 गाड़ियां भी शामिल रही हैं, जो टाटा नेक्सॉन और टाटा पंच हैं।
सबसे सस्ती SUV की जबर्दस्त डिमांड
जहां टाटा नेक्सॉन देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी रही है, वहीं टाटा पंच की भी जबर्दस्त डिमांड देखने को मिली है। टाटा नेक्सॉन की बीते महीने 13,816 यूनिट्स बिक पाई हैं। इस तरह यह टॉप 10 लिस्ट में चौथे नंबर पर रही है। वहीं इस लिस्ट में दसवें नंबर पर Tata Punch रही है। पंच की बीते महीने 10,027 यूनिट्स बिकी हैं। इस छोटी एसयूवी को लॉन्च हुए अभी सिर्फ 5 महीने का समय हुआ है।
यह भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल से भी ज्यादा बिक गई यह इलेक्ट्रिक कार, 484km की मिलती है रेंज, कीमत हैरान कर देगी
कीमत सिर्फ 5.64 लाख रुपये से शुरू
बता दें कि यह अपने सेगमेंट की सबसे सस्ती एसयूवी है। इसकी कीमत 5.64 लाख रुपये से शुरू होकर 8.98 लाख रुपये तक जाती है। इसका मुकाबला Nissan Magnite और Renault Kiger जैसी गाड़ियों के साथ रहता है। निसान मैग्नाइट की शुरुआती कीमत 5.76 लाख रुपये और रेनो काइगर की शुरुआती कीमत 5.79 लाख रुपये है। टाटा पंच कुल 4 वेरिएंट- Pure, Adventure, Accomplished, और Creative में आती है।
यह भी पढ़ें: लॉन्चिंग के 1 महीने बाद महंगी हो गई यह SUV, कंपनी ने 1 लाख रुपये तक बढ़ाए दाम
इंजन और फीचर्स
टाटा ने इसे अल्ट्रोज़ की तरह 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन (86PS/113Nm) दिया है जो 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ आता है। टाटा पंच में 7 इंच का टचस्क्रीन सिस्टम, सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ऑटो एसी, ऑटोमैटिक हेडलाइट्स और वाइपर और क्रूज कंट्रोल मिलता है। हालांकि, इसमें सनरूफ की कमी है।







