मध्य प्देश के विदिशा जिले में हुए एक शादी समारोह में राज्य के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक साथ तीन बेटियों का कन्यादान किया। इन तीनों लड़कियों को मुख्यमंत्री ने गोद लिया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि ‘आज एक बड़ी जिम्मेदारी खत्म हुई। जब मैं संसद का सदस्य था तब मैंने इन लड़कियों को गोद लिया था। मैं खुश हूं कि आज मेरी तीनों बेटियों की शादी हो रही है।’
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा उनकी पत्नी साधना सिंह भी इस शादी समारोह में मौजूद थीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह ने 7 बेटियों और दो बेटों की जिम्मेदारी ली है। इन सभी बच्चों के खाने-पीने और पढ़ाई तक की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के पास है। 7 लड़कियों में से 4 लड़कियों को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गोद लिया है। एक लड़के की शादी हो चुकी है।
प्रीति, राधा और सुमन की गुरुवार को शादी हुई। प्रीति और सुमन की शादी विदिशा के ही रहने वाले रोहन और प्रशांत यादव से हुई। जबकि राधा की शादी रायसेन जिले के रहने वाले सोनू मेहरा से हुई है। यह सभी लड़कियां सेवा आश्रम में रहती थीं और इनका कन्यादाम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। बताया जाता है कि यह तीनों लड़कियां 3 साल की उम्र से ही सेवा आश्रम में रह रही थीं।
Madhya Pradesh CM Shivraj Singh Chouhan performs ‘Kanyadaan’ ritual during the wedding of his three adopted daughters at a temple in Vidisha pic.twitter.com/03n6sAcVX3
— ANI (@ANI) July 15, 2021
बेटियों का कन्यादान करने के बाद सीएम ने कई ट्वीट कर अपनी भावना व्यक्त की। एक ट्वीट में सीएम ने कहा कि ‘आज एक पिता के रूप में मेरे लिए सौभाग्य का दिन है। हमारी तीनों बेटियां कुछ समय में बाबुल के घर से विदा होकर अपने नये जीवन में प्रवेश करेंगी। साधना जी भी बेटियों के विवाह की तैयारियों में पूरी तन्मयता से जुटी हुई हैं।’ इसके बाद एक अन्य ट्वीट में सीएम ने कहा कि ‘बेटियों के जाने से घर में जो सूनापन होगा, उसको सोचकर मन में थोड़ी उथल- पुथल है, साथ ही पिता के कर्तव्य को पूर्ण करने का संतोष भी है। बेटियों के सुखद भविष्य के लिए मंगल कामना करता हूं।’







