यूपी मिशन 2022 फतह के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को पीएम मोदी के गढ़ से चुनावी शंखनाद कर दिया है। वाराणसी पहुंचीं प्रियंका ने मंदिर-मंदिर जाकर दर्शन-पूजन किया। सबसे पहले बाबा विश्वनाथ मंदिर फिर मां अन्नपूर्णा और इसके बाद मां दुर्गा मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। मंदिर से बाहर आते समय मीडिया से बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि ‘काशी विश्वनाथ दर्शन का चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। यह मेरी आस्था है। जब कभी वाराणसी आती हूं तो दर्शन के लिए जरूर आती हूं। इसके बाद प्रियंका गांधी रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित किसान न्याय रैली को संबोधित करने लिए पहुंच गई हैं। थोड़ी देर में उनका संबोधन शुरू होगा। 

 इससे पहले प्रियंका का वाराणसी हवाई अड्डे पर कार्यकर्ताओं के जोरदार स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ने प्रियंका की अगवानी की।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वाराणसी के विभिन्न मार्गों पर प्रियंका के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाये थे। लखीमपुर खीरी हिंसा मामले के पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए जाते समय हिरासत में लिए जाने और करीब दो दिनों तक पुलिस की अभिरक्षा में रहने के बाद प्रियंका की उत्तर प्रदेश में यह पहली जनसभा है।

 गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया क्षेत्र में गत तीन अक्टूबर को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के पैतृक गांव के दौरे के विरोध को लेकर भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आशीष मिश्रा फिलहाल पुलिस गिरफ्त में है।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here