राजस्थान कांग्रेस में कलह कम होने की बजाय आए दिन नए मोड़ लेती जा रही है। लंबे समय तक सचिन पायलट गुट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुट के विधायकों ने एक दूसरे पर जबावी हमला बोला था। अब गहलोत गुट की ओर से सचिन पायलट खेमे को घरने के लिए बसपा से कांग्रेस में आए 6 विधायकों व निर्दलीय 13 विधायकों को साथ लेकर रणनीति बनाई जा रही है। इसके तहत ये 19 विधायक कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात कर प्रदेश कैबिनेट के विस्तार में हिस्सेदारी की मांग कर सकते हैं। इसके अलावा बीते साल सरकार के सामने खड़े हुए संकट के दौरान अपनी ओर से की गई मदद का भी जिक्र कर सकते हैं। 

इस बीच सचिन पायलट गुट की ओर से मंगलवार को जयपुर के गांधीनगर में एक बड़ा होर्डिंग लगाया है। इसमें पायलट की संघर्ष गाथा को दिखाया गया है। इसके अलावा बाकी जगहों पर भी पायलट समर्थक पोस्टर वॉर में कूदने की तैयारी कर रहे हैं। पोस्टर्स के जरिए समर्थक पायलट के संघर्ष को बताने का प्रयास कर रहे हैं। इस होर्डिंग में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर विपक्ष में रहकर सचिन पायलट के सड़क पर पुलिस की लाठियां खाने की चार तस्वीरें लगाई गई हैं। पहली तस्वीर में पुलिस के लाठीचार्ज में पायलट को लगी चोट की तस्वीर है। सचिन पायलट समर्थक मुद्दा बना रहे हैं कि विपक्ष में रहकर पार्टी के लिए खून पसीना बहाने वालों की सुनवाई होनी चाहिए।

यह होर्डिंग विधायक वेदप्रकाश सोलंकी के आवास के बाहर लगा हुआ है। इसमें लिखा है. राजस्थान ने देखा है, हम सबने देखा है। नीचे किसी नेता के नाम की जगह टीम सचिन पायलट लिखा हुआ है। विधायक वेद प्रकाश सोलंकी के आवास के बाहर सचिन पायलट की जो तस्वीरें लगी हुई हैं, वो यूथ कांग्रेस के भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ विधानसभा पर प्रदर्शन की है। इस प्रदर्शन पर पुलिस लाठीचार्ज में सचिन पायलट, यूथ कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदर राजा, तत्कालीन यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक चांदना सहित 20 से ज्यादा नेता-कार्यकर्ता घायल हुए थे। यह प्रदर्शन मार्च 2015 में हुआ था। समर्थकों की ओर से लगाए गए पोस्टर में पायलट के साथ कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीरें भी हैं।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here