लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) में तोड़फोड़ को लेकर चिराग पासवान की ओर से लगाए गए आरोपों पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जवाब दिया है। उन्होंने इसे एलजेपी का आंतरिक मुद्दा बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी का इससे कुछ लेना देना नहीं है। विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले चिराग पासवान ने आरोप लगाया है कि पार्टी में बंटवारे के पीछे नीतीश का हाथ है।

नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा, ”हमारी इसमें कोई भूमिका नहीं है। यह उनका आंतरिक मामला है। वह (चिराग पासवान) मेरे खिलाफ पब्लिसिटी के लिए बोलता है। हमारा इससे कुछ लेनादेना नहीं है।” बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान चिराग पासवान ने खुद को पीएम मोदी का हनुमान बताते हुए नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कई सीटों पर जेडीयू उम्मीदवारों को हराने में भूमिका निभाई थी।

विधानसभा चुनाव में बुरी तरह हार का सामना करने वाली एलजेपी में अब फूट पड़ गई है। चिराग के चाचा ने पांच सांसदों के साथ पार्टी पर कब्जा कर लिया है। चिराग को संसदीय दल के नेता के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से भी हटा दिया गया है। हालांकि, चिराग ने भी बागी नेताओं को बाहर करने का दावा किया है। दोनों ही खेमों ने चुनाव आयोग जाकर पार्टी पर दावा पेश किया है।

कैबिनेट विस्तार पर बोले
मोदी कैबिनेट में फेरबदल से पहले दिल्ली आए नीतीश कुमार ने इसे व्यक्तिगत दौरा बताया और कहा कि वह आंख के इलाज के लिए आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी से मुलाकात की कोई योजना नहीं है। कैबिनेट में जेडीयू के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पीएम मोदी पर निर्भर है। उन्होंने इससे अधिक जानकारी होने से इनकार किया। 



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here