राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 467 नए मामले शनिवार को आए इससे अब तक राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,09,319 हो गई है। वहीं संक्रमण से पांच और लोगों की मौत हो गई जिससे राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 2705 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम छह बजे तक के बीते 24 घंटों में राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से पांच और मौत हुई हैं।
राज्य में अब तक जयपुर में 503, जोधपुर में 291, अजमेर में 219, बीकानेर में 166, कोटा में 166, भरतपुर में 120, उदयपुर में 111, पाली में 109 और सीकर में 98 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को राज्य में 890 लोग कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हुए। राज्य में अब तक कुल 2,97,819 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में फिलहाल 8,795 लोगों का कोविड-19 का इलाज चल रहा है।
‘कोवैक्सीन’ को आपात इस्तेमाल के लिए मंजूरी दिए जाने की सिफारिश
इस बीच, भारत के केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की एक विशेषज्ञ समिति ने स्वदेशी रूप से विकसित कोविड-19 रोधी टीके ‘कोवैक्सीन’ के, कुछ शर्तों के साथ आपात इस्तेमाल के लिए मंजूरी देने की शनिवार को सिफारिश की। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की कोविड-19 संबंधी एक विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) ने शुक्रवार को ऑक्सफोर्ड के कोरोना वायरस रोधी टीके के भारत में आपात इस्तेमाल के लिए मंजूरी देने की भी सिफारिश की थी। कोवैक्सीन को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के साथ मिलकर भारत बायोटेक द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है।
एक सूत्र ने बताया कि सीडीएससीओ की कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) ने अतिरिक्त डाटा, तथ्य और विश्लेषण सौंपे जाने के बाद हैदराबाद स्थित फ़ार्मास्युटिकल फर्म के टीके के आपातकालीन उपयोग संबंधी आवेदन पर शनिवार को फिर से विचार-विमर्श किया। भारत बायोटेक ने सात दिसंबर को स्वदेश में विकसित कोवैक्सीन टीके की मंजूरी के लिए भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) के समक्ष अर्जी दाखिल की थी। एसईसी ने शुक्रवार को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के कोरोना वायरस रोधी टीके ‘कोविशील्ड के भारत में आपात इस्तेमाल के लिए मंजूरी देने की सिफारिश की थी।







