एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में रैली करने की अनुमति नहीं मिली है। पुलिस की ओर से रैली की अनुमति नहीं मिलने के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला है। हैदराबाद से सांसद ओवैसी की पार्टी ने पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। लेकिन अब उनको कोलकाता पुलिस रैली की अनुमति नहीं दे रही है।
रैली की अनुमति नहीं देने के पीछे पुलिस ने कोई कारण भी नहीं बताया है। ओवैसी ने टीएमसी सरकार से सवाल करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली करते हैं। बीजेपी को आप रैली की अनुमति देते हो, कांग्रेस और लेफ्ट रैली कर रही हैं, लेकिन एआईएमआईएम नहीं। ऐसा क्यों?
रैली को लेकर हैदराबाद में मीडिया से बात करते हुए ओवैसी ने टीएमसी से कहा कि आपके सांसद संसद में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी जैसे कोमल शब्दों का उपयोग करते हैं। लेकिन पश्चिम बंगाल में जमीनी स्तर पर ऐसा कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है। मीडिया से बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि जैसी वहां पर आचार संहिता लागू होता है वो चुनाव आयोग के पास जाएंगे और बंगाल पुलिस के उस अधिकारी के खिलाफ शिकायत करेंगे।
बता दें कि ओवैसी को अल्पसंख्यक बहुल मेतियाब्रुज़ इलाके में रैली के जरिए बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का प्रचार अभियान का आगाज़ करना था। एआईएमआईएम के प्रदेश सचिव जमीर उल हसन ने बताया कि पुलिस ने रैली के लिए उन्हें इजाजत नहीं दी।
हसन ने बताया, हमने इजाज़त के लिए 10 दिन पहले आवेदन दिया था, मगर आज हमें पुलिस ने सूचित किया कि वे हमें रैली करने की इजाज़त नहीं देंगे। हम टीएमसी के ऐसे हथकंडों के आगे झुकेंगे नहीं। हम चर्चा करेंगे और कार्यक्रम की नई तारीख बताएंगे।”







