देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर भयावह होती जा रही है। तकरीबन रोजाना रिकॉर्ड संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं, जबकि मृतकों का कुल आंकड़ा दो लाख के पार पहुंच गया है। दूसरी लहर में हो रही तबाही को देखते हुए दुनियाभर के कई देशों ने भारत को मदद भेजी है। अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया समेत कई सारे देशों ने अपने देशों से मेडिकल सप्लाई भेजी है। इन सप्लाई में बड़ी संख्या में ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स, सिलेंडर्स, वेंटिलेटर्स, दवाएं आदि हैं। केंद्र सरकार ने बताया है कि इनमें से कितनी सप्लाई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भेजी गई हैं। हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि विदेश से आई मेडिकल सप्लाई गोदामों में पड़ी हुई हैं, जिसका राज्यों को आवंटन बहुत देर से हो रहा है। हालांकि, इन दावों को केंद्र सरकार ने खारिज कर दिया था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया है कि मेडिकल सप्लाई को लगातार राज्यों को आवंटित किया जा रहा है। मंत्रालय ने बताया, ”भारत सरकार लगातार विदेशों से मिली कोविड-19 सप्लाई को राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को बांट रही है। अभी तक 1933 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स, 2429 ऑक्सीजन सिलेंडर्स, 13 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट्स, 1951 वेंटिलेटर्स/बीआई पीएपी/सी पीएपी और तीन लाख से ज्यादा रेमडेसिविर दवा को बांटा जा चुका है।” मंत्रालय ने आगे बताया कि छह मई को जो-जो सामान विदेश से मिले हैं, उसमें न्यूजीलैंड से ऑक्सीजन कंसेट्रेटर्स, ब्रिटेन से ऑक्सीजन सिलेंडर्स, जर्मनी से एक मोबाइल ऑक्सीजन प्लांट, नीदरलैंड से 450 वेंटिलेटर्स और 100 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स शामिल हैं।
Govt of India continues to allocate & deliver COVID19 supplies received from global community to States/UTs. 2933 oxygen concentrators, 2429 O2 cylinders, 13 O2 generation plants, 2951 ventilators/Bi PAP/C PAP & over 3 lakh Remdesivir vials delivered so far: Union Health Ministry pic.twitter.com/nqedVxKhbe
— ANI (@ANI) May 7, 2021
डेनमार्क, पोलैंड, नीदरलैंड जैसे देशों से भी मिल रही मेडिकल मदद
भारत के अनेक हिस्सों के कोविड-19 की दूसरी लहर से गंभीर रूप से प्रभावित होने के बीच डेनमार्क, नीदरलैंड, पोलैंड जैसे देशों से चिकित्सा सहायता के रूप में ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स, वेंटीलेटर तथा अन्य चिकित्सा आपूर्ति पहुंचने का सिलसिला जारी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, ”हमारे ऐतिहासिक सम्पर्को तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित संबंधों को आगे बढ़ाते हुए । हम अपने मित्र डेनमार्क का 53 वेंटीलेटर की खेप भेजने के लिये धन्यवाद देते हैं।” उन्होंने कहा कि अतंरराष्ट्रीय गठजोड़ जारी। पोलैंड से 100 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स की खेप पहुंची । हमारे यूरोपीय संघ के सहयोगी पोलैंड को समर्थन के लिये धन्यवाद। बागची ने ट्वीट करके नीदरलैंड से भी चिकित्सा आपूर्ति पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे बहुआयामी सहयोग को और मजबूत बनाते हुए।







