बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने गुरुवार को बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच मुंबई के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। मुंबई की किसी बिल्डिंग में यदि पांच या उससे ज्यादा कोरोना के मामले मिलते हैं तो फिर पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया जाएगा। इसके अलावा, अगर मरीज होम क्वारंटाइन में रहना पसंद करता है तो फिर उसके हाथों में स्टैंप लगाया जाएगा।
बीएमसी कमिश्नर आईएस चहल ने बताया कि 300 मार्शलों को हायर किया जा रहा है, जिससे नजर रखी जा सके कि लोकल ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों ने फेस मास्क पहना हुआ है या नहीं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी नजर रखने के लिए अतिरिक्त मार्शल्स की नियुक्ति की जा रही है।
मुंबई के लिए जारी हुईं नई गाइडलाइंस के बारे में सूचना देते हुए कमिश्नर ने कहा कि वेडिंग हॉल्स, क्लब्स और रेस्त्रां में छापेमारी की जाएगी, अगर वे नियमों को तोड़ते पाए गए तो। ब्राजील से वापस लौटने वाले लोगों को इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन में जाना होगा। इसके अलावा, कोरोना टेस्टिंग को भी बढ़ाया जाएगा।
वहीं, महाराष्ट्र के अमरावती में कोरोना के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर गुरुवार को जिला प्रशासन ने वीकेंड में लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की। लॉकडाउन शनिवार को रात आठ बजे से सोमवार को सुबह सात बजे तक के लिए रहेगा और इस दौरान बाजार और अन्य प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। हालांकि, आवश्यक सेवाएं अप्रभावित रहेंगी। जिलाधिकारी शैलेश नवल ने कहा कि सप्ताह के बाकी दिन होटल और रेस्तरां सहित सभी प्रतिष्ठान रात में आठ बजे तक खुले रहेंगे। पहले ये रात 10 बजे तक खुले रहते थे।
Brihanmumbai Municipal Corporation issues fresh guidelines in Mumbai amid rising cases of COVID19; if 5 or more Covid patients are found in a building, it will be sealed: BMC Commissioner IS Chahal
— ANI (@ANI) February 18, 2021
उन्होंने कहा, ”कोविड-19 मामलों में वृद्धि के मद्देनजर मैंने जिले में सप्ताहांत में लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि भविष्य में किसी भी प्रकार के सख्त लॉकडाउन से बचने के लिए वे कोविड संबंधी उचित व्यवहार का पालन करें।” उन्होंने कहा कि सप्ताहांत में लॉकडाउन के दौरान सभी बाजार और अन्य प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। उन्होंने कहा, “स्विमिंग पूल और इनडोर गेम भी बंद रहेंगे, जबकि धार्मिक कार्यक्रमों में केवल पांच लोगों को अनुमति दी जाएगी।”
महाराष्ट्र में एक बार फिर कोविड मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। राज्य ने बुधवार को संक्रमण के 4,787 नए मामले सामने आए, जो दो महीने से अधिक समय में किसी एक दिन का सबसे उच्च स्तर है। अमरावती जिले में बुधवार को 230 नए मामले सामने आए जबकि मंगलवार को 82 मामले दर्ज किए गए थे।







