बजट के बाद भी शेयर बाजार में तेजी जारी है। आज मंगलवार को सेंसेक्स 1071 अंकों की बढ़त के साथ 49,671.71 और निफ्टी 325 अंकों की तेजी के साथ 14,606.65 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
कल बजट में घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने और शेयरों में निवेश करने वाले निवेशकों को लाभांश पर राहत देने का शेयर बाजारों ने जबरदस्त तरीके से स्वागत किया। बीएसई का सेंसेक्स 2,314.84 अंक यानी पांच प्रतिशत उछलकर 48,600.61 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 646.60 अंक यानी 4.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ 14,281.20 अंक पर पहुंच गया। बाजार में जोरदार तेजी की बदौलत निवेशकों को एक दिन में 6.34 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हुई।
बजट भाषण बढ़ने के साथ उछाल आता गया
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जैसे-जैसे बजट भाषण पढ़ती गईं शेयर बाजार की तेजी बढ़ती गई। जब उन्होंने घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लोहा और इस्पात समेत कई प्रकार के कच्चे माल के आयात पर सीमा शुल्क घटाने और तैयार सामान तथा कलपुर्जो पर आयात शुल्क बढ़ाने की घोषणा की शेयर बाजार तेजी से चढ़ा। बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों के शेयर तेजी से उछले। बीएसई के सभी समूह हरे निशान में रहे। बैंकिंग समूह का सूचकांक आठ प्रतिशत, वित्त समूह का सात प्रतिशत और रियलिटी का छह फीसदी से अधिक चढ़ा।
कल बीमा शेयरों में आई 9% की तेजी
बजट में बीमा कंपनियों में एफडीआई सीमा 49% से बढ़ाकर 74% करने का ऐलान किया गया है। इसके आसर बीमा कंपनियों के शेयरों पर दिखाई दिया। न्यू इंडिया अश्योरेंस कंपनी का शेयर 8.94%, HDFC लाइफ का शेयर 3.14%, SBI लाइफ का शेयर 1.20% और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस का शेयर 1.90% ऊपर बंद हुआ है।







