कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार (26 जुलाई) को कहा कि भारत का लोकतंत्र संविधान के आधार पर जनता की आवाज से चलेगा और देश की जनता भाजपा के ”छल-कपट” के षडयंत्र को नकार देगी। वह कांग्रेस के ”स्पीक अप फॉर डेमोक्रेसी” ऑनलाइन अभियान में भाग ले रहे थे। इस अभियान में बड़ी संख्या में पार्टी के नेताओं ने भाग लिया।
गांधी ने एक ट्वीट में कहा, ”भारत का लोकतंत्र संविधान के आधार पर जनता की आवाज से चलेगा। भाजपा के छल-कपट के षडयंत्र को नकारकर देश की जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करेगी।”
भारत का लोकतंत्र संविधान के आधार पर जनता की आवाज़ से चलेगा।
भाजपा के छल-कपट के षड्यंत्र को नकारकर देश की जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करेगी।#SpeakUpForDemocracy
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 26, 2020
राजस्थान विधानसभा का सत्र बुलाएं राज्यपाल ताकि सच सामने आए: राहुल
इससे पहले भी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार (24 जुलाई) को कहा था कि राज्यपाल कलराज मिश्र को विधानसभा का सत्र बुलाना चाहिए ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।
उन्होंने ट्वीट किया था, ”देश में संविधान और क़ानून का शासन है। सरकारें जनता के बहुमत से बनती व चलती हैं। राजस्थान सरकार गिराने का भाजपाई षड्यंत्र साफ़ है। ये राजस्थान के आठ करोड़ लोगों का अपमान है।” कांग्रेस नेता कहा था, ”राज्यपाल महोदय को विधानसभा सत्र बुलाना चाहिए ताकि सच्चाई देश के सामने आए।”
राजस्थान में कांग्रेस संकट
राजस्थान में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के पार्टी के खिलाफ बागी तेवर अपनाने के बाद राज्य में कांग्रेस सरकार संकट का सामना कर रही है। पायलट का 18 अन्य विधायक भी समर्थन कर रहे हैं। कांग्रेस ने इस बगावत के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया है, जबकि भगवा पार्टी ने इसे खारिज किया है।
कांग्रेस राजस्थान के राज्यपाल की कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए सोमवार को राजभवन के बाहर प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस ने राजस्थान के राज्यपाल पर विधानसभा का सत्र बुलाने में विलंब करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने विपक्षी सरकारों को गिराने के लिए राज्यपालों की शक्तियों का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया है।







